UP ELECTION 2022: यूपी में केवल चलेगा बाबा, डबल इंजन की नहीं अब चलेगी ट्रिपल इंजन की सरकार

UP ELECTION 2022 : गत रविवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बलिया के बेरिया और आजमगढ़ में जनता को समबोधित करते हुए कहा कि यूपी में बुआ-बबुआ की नहीं केवल बाबा की सरकार चलेगी।

अब यूपी में डबल इंजन की सरकार नहीं बल्कि ट्रिपल इंजन की सरकार चलेगी। जिसमें मोदी का विजन होगा, योगी का मिशन होगा तथा जनता का पार्टीसिपेशन होगा।

उन्होंने कहा कि यह आत्मनिर्भर भारत है। यहां अब सिर्फ गोली नहीं बल्कि गोला बनने लगा है। ब्रह्मोस मिसाइल से लेकर लड़ाकू विमान भी बन रहा है। आने वाले दिनों में भारत दुनिया के देशों से हथियार खरीदेगा नहीं बल्कि हथियार बेचने वाले देशों में शामिल होगा।

यूपी विधानसभा 2022 : राजनाथ सिंह ने कहा कि पहले की सरकारों की पहचान घोटालों वाली सरकारों के रुप में होती थी। बुआ-बबुआ की सरकारों में घोटालेबाजों और गुंडे-माफियाओं की पौ-बारह होती थी। उन्होंने कहा कि यूपी की जनता को मतदान करने से पहले ये याद रखना चाहिए कि पहले कि सरकारों में खनन घोटाला , एंबुलेंस घोटाला, यमुना रिवर घोटाला हुआ था।

जब से बाबा योगी की सरकार आयी है तभी से घोटालेबाजों और गुंडे-माफियाओं की तो शामत ही आ गयी है।  अब प्रदेश में भय व भ्रष्टाचार की कोई जगह नहीं हैं। माफियाओं को पता है कि अब योगी का बुल्डोजर चल जाएगा।

सरकार अपराधियों के सहयोग से नहीं, जनता के सहयोग से चलायी जाती है। जनता को भय और भूख से आजादी नहीं दिलाने वाला समाजवादी नहीं हो सकता। सच्चा समाजवादी हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं।

राजनाथ सिंह : भारत का निरंतर बढ़ रहा है रुतबा

रक्षामंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया में एक मजबूत राष्ट्र के रूप में जाना जाता है। कभी ऐसा भी था जब दुनिया हमारी बात को नहीं सुनती थी लेकिन अब भारत की बातों को लोग कान खोलकर सुनते हैं।

यूक्रेन में चल रही जंग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्टैंड की दुनिया भर में तारीफ हो रही है। सर्जिकल स्ट्राइक का जिक्र करते हुए रक्षामंत्री ने कहा कि अब हम इस पार भी मारेंगे और यदि जरूरी हुआ तो उस पार भी घुसकर मारेंगे।

राजनाथ सिंह : यूपी में चलेगा केवल बाबा, बुआ-बबुआ को जनता नकार देगी

राजनाथ सिंह ने कहा कि यूपी में अब बुआ-बबुआ नहीं केवल बाबा चलेगा। नारा देते हुए कहा, यूपी में होगा कानून का शासन, विकास का होगा योगासन। 84 प्रकार के योगासन होते हैं जिसमें 83 योगासन पर काम हो रहा है, एक शीर्षासन विपक्ष के लिए छोड़ा गया है।

उन्होंने दावा किया कि जनता को भय से और भूख से निजात दिलाने का कार्य सिर्फ भाजपा की सरकार ने किया है। प्रदेश मे 24 करोड़ लोगों को एक महीने में दो बार राशन दिया जा रहा है। डेढ़ वर्ष में सरकारी नल व नल से पानी हर घर तक पहुंचेगा। 60 वर्ष से ऊपर की महिलाओं को मुफ्त में बस यात्रा दी जाएगी।

राजनाथ सिंह : होली-दिवाली मिलेगा मुफ्त सिलेंडर

रक्षा मंत्री सिंह ने कहा कि अगर आप हमारी सरकार बनाते हैं, तो मैं आपको बताना चाहता हूं कि होली और दिवाली पर आपको एक मुफ्त गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा।

राजनाथ सिंह ने यूक्रेन में फंसे सभी भारतीयों को सरकार के खर्चे पर देश वापस लाया जाएगा। हमने इस उद्देश्य के लिए उनकी अनुमति से यूक्रेन के पड़ोसी देशों के लिए उड़ानों की संख्या बढ़ाने का फैसला किया है।

By खबर इंडिया स्टाफ