Lok Sabha 2024: राजस्थान में पीएम मोदी का कांग्रेस पर हमला, बोले मुसलमानो को आरक्षण देना चाहती थी कांग्रेस

PM Modi का कांग्रेस पर हमला, बोले मुसलमानो को आरक्षण देना चाहती थी

Lok Sabha 2024: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के टोंक-सवाई माधोपुर में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला। अपने संबोधन में PM Modi ने कर्नाटक की घटना का जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस राज में हनुमान चालीसा सुनना भी गुनाह है। कर्नाटक में हनुमान चालीसा सुनने वालों को पीटा गया।

पीएम ने कहा कि आज हनुमान जयंती पर आपसे बात करते हुए मुझे कुछ दिन पहले की एक तस्वीर भी याद आ रही है। कुछ दिन पहले कांग्रेस के शासन वाले कर्नाटक में एक छोटे दुकानदार को केवल इसलिए बुरी तरह से पीटा गया, क्योंकि वो अपनी दुकान में बैठे-बैठे हनुमान चालीसा सुन रहा था। आप कल्पना कर सकते हैं। कांग्रेस के राज में हनुमान चालीसा सुनना भी गुनाह हो जाता है।

अब आप हनुमान चालीसा भी गाएंगे और रामनवमी भी मनाएंगे: मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि अब आप चैन से हनुमान चालीसा भी गाएंगे और रामनवमी भी मनाएंगे। ये भाजपा की गारंटी है। PM Modi ने कहा कि राजस्थान ये बखूबी जानता है कि सुरक्षित राष्ट्र और स्थायी सरकार कितनी जरूरी है। स्थिर और ईमानदार सरकार देश के लिए क्या कर सकती है सबने देखा है। आज भारत दुनिया सबसे तेजी से बढ़ती हुई अर्थव्यस्था है। देश को सबसे मजबूत स्तिथि में किसने पहुंचाया? 2014 हो या 2019 राजस्थान ने एकजुट होकर देश में भाजपा की ताकतवर सरकार बनाने के लिए अपना आशीर्वाद दिया।

राजस्थान को बांटने की हो रही कोशिश: पीएम मोदी

PM Modi ने कहा कि एकजुटता ही राजस्थान की सबसे बड़ी पूंजी है। याद रखिएगा, जब-जब हम बंटे हैं, तब-तब देश के दुश्मनों ने फायदा उठाया है। अब भी राजस्थान को बांटने की पूरी कोशिशें हो रही हैं। इससे राजस्थान को सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इन 10 वर्षों में आपने देखा है कि एक स्थिर और ईमानदार सरकार देश के विकास के लिए क्या कर सकती है।

कांग्रेस की सरकार होती तो दुश्मन काटकर ले जाते जवानों के सिर’

रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि 2014 में आपने मोदी को दिल्ली में सेवा का अवसर दिया। फिर देश ने वो फैसले लिए जिनकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी, लेकिन आप सोचिए कि 2014 के बाद भी और आज भी अगर दिल्ली में कांग्रेस की सरकार होती तो क्या क्या हुआ होता।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस होती तो जम्मू कश्मीर में आज भी हमारी सेनाओं पर पत्थर चल रहे होते। उसकी सरकार होती तो सीमा पार से आकर दुश्मन आज भी हमारे जवानों के सिर काटकर ले जाते। कांग्रेस सरकार होती तो न ही हमारे फौजियों के लिए वन रैंक-वन पेंशन लागू होती और न ही हमारे पूर्व सैनिकों को 1 लाख करोड़ रुपये मिलते।

धार्मिक आधार पर आरक्षण का मुद्दा उठाया

पीएम मोदी बोले कि देश में धार्मिक आधार पर आरक्षण का घोर विरोध हुआ था। कांग्रेस के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा था कि देश के संसाधनों पर पहला हक मुसलमानों का है। 2004 में जैसे ही केंद्र में कांग्रेंस की सरकार बनी, उसमें सबसे पहला काम आंध्र में एससी-एसटी रिजर्वेशन में कमी कर मुसलमानों को आरक्षण देने का प्रयास किया गया। 2004 से 2010 के बीच कांग्रेस ने आंध्र प्रदेश में चार बार मुस्लिम रिजर्वेशन लागू करने की कोशिश की। सुप्रीम कोर्ट की सक्रियता के कारण यह लागू नहीं कर पाई। मैंने देश के सामने सच रखा कि कांग्रेस आपकी संपत्ति छीनकर उनके खास लोगों को बांटने की गहरी साजिश रच रही है। मैंने कांग्रेस की इस तुष्टिकरण की साजिश का पर्दाफाश किया था। इससे कांग्रेस को इतनी मिर्ची लगी है कि वे मोदी को गाली देने में लगे हैं।

मोदी ने ही आरक्षण 10 साल बढ़ाया

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस वालों से पूछो कि कर्नाटक और आंध्रप्रदेश जैसे राज्यों में उन्होंने धर्म के आधार पर आरक्षण को बांटने का काम क्यूं किया। 2020 में आरक्षण की समय सीमा खत्म हो रही थी लेकिन यह मोदी है जिसने आरक्षण को 10 साल के लिए और बढ़ा दिया। 2024 के इस चुनाव में यह मेरी आखिरी सभा है। इसके बाद 26 अप्रैल को मतदान है। बुधवार को प्रचार अभियान भी समाप्त हो जाएगा। राजस्थान से अधिकतम मतदान करने की प्रार्थना करता हूं।

टोंक में इनकी वजह से इंडस्ट्री बंद हो गई

पीएम मोदी ने कहा कि टोंक में इन (कांग्रेस के) असामाजिक तत्वों के कारण यहां की इंडस्ट्री बंद हो गई। आपने हमारे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जी को सेवा करने का मौका दिया है। जब से भजनलाल जी की टीम ने काम करना शुरू किया है, माफिया राज्य छोड़कर भागने पर मजबूर हो गए। जो अपराधी धोखे में हैं, वह जान लें।अभी तो भजनलाल की गाड़ी चलनी शुरू हुई है। अभी तो टॉप गियर में आना बाकी है।

Written by: Swati Singh

ये भी पढ़ें:

Pm Modi: पीएम मोदी राहुल और अखिलेश पर भड़के, बोले फिल्म की शूटिंग चल रही है

बिहार के पूर्णिया में गरजे PM Modi विपक्ष पर जमकर साधा निशाना,जिसको कोई नहीं पूछता उसको हम पूज रहे ……

By Poline Barnard