Aligarh: यूपी के अलीगढ़ की विधानसभा खैर से विधायक रहे प्रमोद गौड़ की खैर पालिकाध्यक्ष व भाजपा नेता संजीव अग्रवाल हत्या कराना चाहते थे। पालिकाध्यक्ष ने पूर्व विधायक की हत्या कराने के लिए 25 लाख में बुलंदशहर से शार्प शूटर बुलाये थे। शूटरों ने विधायक की रेकी करना भी शुरू कर दी थी। एक-दो दिन में वारदात को अंजाम देने वाले थे। शहर के होटल में ही ठहरे हुए थे। घटना को अंजाम देने से पहले ही पुलिस ने पालिकाध्यक्ष के साथ ही 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने किए इस खुलासे के बाद ही अलीगढ़ की राजनीति में हलचल सी मच गई है।
कौन हैं प्रमोद गौड़?
प्रमोद गौड़ पूर्व में खैर विधानसभा के बसपा के विधायक रहे हैं। गौड़ इस बार भी अलीगढ़ की विधानसभा बरौली से रालोद के प्रत्याशी रहे थे। बीते दिनों उन्होंने चेयरमैन संजीव की शिकायत की थी। इसमें सिंचाई विभाग की जमीन पर अवैध कब्जा करने का आरोप था। आरोपी ने सिंचाई विभाग के नाले को बंद करवाकर उस पर अवैध रूप से सड़क निर्माण करा दिया। ताकि, उनके द्वारा बनाई गई कॉलोनी को लाभ मिल सके। जांच में आरोप सही साबित हुए। इसके बाद से ही पालिकाध्यक्ष और पूर्व विधायक के बीच रंजिश शुरू हो गई थी।
क्या है पूरा मामला?
अलीगढ़ की विधानसभा खैर में एक जमीन को लेकर पूर्व विधायक प्रमोद गौड़ और खैर नगर पालिकाध्यक्ष संजीव अग्रवाल के बीच काफी समय से रंजिश चल रही थी। प्रमोद गौड़ ने पुलिस से शिकायत की थी, कि संजीव अग्रवाल उनकी हत्या की साजिश रच रहे हैं। पुलिस ने प्रमोद की तहरीर पर मामला दर्ज कर जब जांच शुरू की तो एक के बाद एक परतें खुलती चली गईं। पुलिस को मामले में बाहर से भी कई शूटरों के आने की जानकारी मिली। जिसके बाद पुलिस ने फोन कॉल रिकॉर्ड और सर्विलांस की मदद से नगरपालिकाध्यक्ष समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
बुलंदशहर से आए थे शार्प शूटर
Aligarh: भाजपा नेता संजीव अग्रवाल ने पूर्व विधायक की हत्या के लिए बुलंदशहर के शूटरों से हत्या कराने की साजिश रची थी। आरोपी अलीगढ़ आकर होटल में रुके थे। पुलिस ने संजीव अग्रवाल उर्फ बिंटू, खैर निवासी ठेकेदार विकास शर्मा उर्फ बॉबी, बुलंदशहर खुर्जा निवासी राजकुमार जाट आढ़ती को गिरफ्तार किया है। इनके साथ हत्या करने आए 3 शूटरों को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस पूछताछ में सामने आया, कि गिरफ्तार राजकुमार हिस्ट्रीशीटर है। वह कई बार जेल जा चुका है। राजकुमार ने ही हत्या के लिए बुलंदशहर से अपराधियों को बुलाया था। राजकुमार की मुलाकात संजय शर्मा और राहुल शर्मा से जेल में रहने के दौरान ही हुई थी। जेल से छूटने के बाद सभी मिलकर फिर अपराध करने लगे।
एसएसपी ने क्या बोला?
अलीगढ़ एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया, कि सभी आरोपियों के खिलाफ डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। सभी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। कुछ और नाम सामने आए हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
Aligarh: पुलिस के अनुसार, शूटरों का ड्राइवर सागर को संदिग्ध गतिविधियों के चलते पुलिस ने 12 अगस्त को ही गिरफ्तार किया था। इसके बाद पालिकाध्यक्ष संजीव अग्रवाल ने ही उसकी पैरवी करके थाने से छुड़वाया था।