भारत जोड़ो न्याय यात्रा: असम के सीएम हिमंता बिस्वा ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज करवाई एफआईआर, शांतिभंग करने का है आरोप

भारत जोड़ो न्याय यात्रा: राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प की ख़बरों के बीच इस मामले में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने DGP से बात कर राहुल गांधी के खिलाफ केस दर्ज करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि ‘ये असमिया संस्कृति का हिस्सा नहीं हैं। हम एक शांतिपूर्ण राज्य हैं। ऐसी नक्सली रणनीति हमारी संस्कृति से पूरी तरह अलग हैं’।

भारत जोड़ो न्याय यात्रा: वहीं कांग्रेसियों ने पुलिस पर भारत जोड़ो न्याय यात्रा को रोकने का आरोप लगाया है। जिसके बाद कांग्रेस के कार्यकर्ता वहां मौजूद पुलिसकर्मियों से भिड़ गए। इस दौरान राहुल गांधी समर्थकों और गुवाहाटी पुलिस के बीच हाथापाई की भी ख़बर है।

भारत जोड़ो न्याय यात्रा: पुलिस प्रशासन का कहना है कि शहर में यात्रा की इजाजत नहीं है, जबकि राहुल गांधी की यात्रा शहर‌ के अंदर की तरफ बढ़ रही थी। इसी वजह से रोड पर बाद में पुलिस ने बैरिकेड्स लगा दिए थे और इसी दौरान कांग्रेस नेता की बस के साथ चल रहे लोगों की पुलिस कर्मियों से झड़प हो गई।

राहुल गांधी ने कहा…

भारत जोड़ो न्याय यात्रा: गुवाहाटी में राहुल गांधी का छात्रों से संवाद होना है। कांग्रेस नेता गांधी ने कहा है कि उन्हें छात्रों से बात करने से रोका जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि राहुल गांधी की यात्रा को गुवाहाटी शहर के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं है। उन्हें शहर के बाहरी इलाके से गुजरने को कहा गया है। झड़प के बाद अतिरिक्त संख्या में पुलिस कर्मियों की तैनाती बढ़ाई गई है। हंगामे के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है।

पार्टी की ओर से एक अन्य पोस्ट में कहा है गया, “असम में ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ को बैरिकेड लगाकर रोक दिया गया है। ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ की बुलंद आवाज से डरी-सहमी असम सरकार ऐसी कायर और शर्मनाक हरकतों से बाज नहीं आ रही।

BJP ये न भूले कि ये जनता की आवाज है, इसे किसी भी कीमत पर कुचला और दबाया नहीं जा सकता। हमारी राह के ये कांटे, हमारी हिम्मत को और बढ़ा रहे हैं, हमें और मजबूत कर रहे हैं। हम किसी से डरने वाले नहीं हैं। ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ जारी है…।”

FIR दर्ज करने के दिए निर्देश

भारत जोड़ो न्याय यात्रा: वहीं मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने डीजीपी से बात कर राहुल गांधी के खिलाफ केस दर्ज करने का निर्देश दिया। उन्होंने बवाल होने के बाद गुवाहाटी में ट्रैफिक जाम का आरोप लगाते हुए यह निर्देश दिए। हिमंत बिस्व ने कहा, ”ये असमिया संस्कृति का हिस्सा नहीं हैं। हम एक शांतिपूर्ण राज्य हैं। ऐसी नक्सली रणनीति हमारी संस्कृति से पूरी तरह अलग हैं।”

उन्होंने आगे कहा, ”मैंने डीजीपी असम पुलिस को भीड़ को उकसाने के लिए आपके नेता राहुल गांधी के खिलाफ मामला दर्ज करने और आपके द्वारा अपने हैंडल पर पोस्ट किए गए फुटेज को सबूत के रूप में उपयोग करने का निर्देश दिया है।” उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के कारण अनियंत्रित व्यवहार और सहमत दिशानिर्देशों के उल्लंघन के परिणामस्वरूप अब गुवाहाटी में बड़े पैमाने पर ट्रैफिक जाम हो गया है।

Written By: Swati Singh 

ये भी पढ़ें..

Haryana: प्राण प्रतिष्ठा के दिन हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला बने पिता, घर आई लक्ष्मी
JP Nadda: भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने गांधीनगर में किया लोकसभा कार्यालय का उद्घाटन

By Susheel Chaudhary

मेरे शब्द ही मेरा हथियार है, मुझे मेरे वतन से बेहद प्यार है, अपनी ज़िद पर आ जाऊं तो, देश की तरफ बढ़ते नापाक कदम तो क्या, आंधियों का रुख भी मोड़ सकता हूं ।