Train Accident: बक्सर रेल दुर्घटना पर राजनीति शुरू, खड़गे ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना

Train Accident: बुधवार को तकरीबन 10:30 बजे रात को बिहार से आई एक ख़बर ने देश की चिंता बढ़ा दी थी। दरअसल, नई दिल्ली से असम जाने वाली नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस बक्सर जिला के रघुनाथपुर में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। ट्रेन का तीन डब्बा रेलवे लाइन से उतर गया। इस घटना में अब तक आई जानकारी के मुताबिक 4 लोगों की मौत हो गई है तो वहीं,70 से अधिक लोगों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। स्थानीय लोगों से लेकर प्रशासन तक बचाव कार्य में लगे हुए हैं। केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने भी घटनास्थल पर पहुंच कर पूरे स्थिति का जायजा लिया। वहीं, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी लगातार राहत कार्य पर नज़र बनाये हुए है।

Train Accident: इन सबसे इतर बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने देर रात सभी अधिकारियों और SDRF को घटनास्थल पर भेज दिया। तेजस्वी यादव ने अपने निजी X एकाउंट से एक वीडियो के माध्यम से इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा की दिल्ली से कामख्या जा रही ट्रेन बक्सर के पास दुःखद ट्रेन दुर्घटना हुई है। हमारी स्वास्थ्य विभाग, आपदा विभाग के अधिकारियों एवं ज़िलाधिकारियों से बात हुई है।

Train Accident: बक्सर, आरा, पटना के अस्पतलों को अलर्ट जारी किया है। बिहार पुलिस बल व SDRF को भी मौके पर भेजा है। हमारी प्राथमिकता अधिक-से-अधिक लोगों की जान को बचाना है। हमने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। बिहार सरकार तत्परता से ट्रेन हादसे के पीड़ितों और घायलों के बचाव, राहत एवं उपचार कार्यों में जुटी है। तेजस्वी यादव लगातार पूरे बचाव कार्य पर नज़र बनाये हुए है। वहीं, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस घटना को दुःखद बताया है और मृतकों को 4-4 लाख रुपया देने की घोषणा की है।

दो एसी कोच और 4 स्लीपर डिब्बे हुए डिरेल 

Train Accident: ट्रेन के जो डिब्बे डिरेल हुए हैं उनमें दो ACIII कोच और चार स्लीपर कोच शामिल हैं। 23 कोच वाली नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल से बुधवार की सुबह 7:40 पर असम में गुवाहाटी के लिए रवाना हुई. यह ट्रेन कामाख्या स्टेशन तक जाती है। नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस डीडीयू जंक्शन से दो घंटे की देरी से रात पौने नौ बजे पटना के लिए रवाना हुई थी। ट्रेन 09.35 बजे बिहार के बक्सर में रघुनाथपुर स्टेशन पर पार कर रही थी कि तभी यह हादसा हो गया।

चश्मदीद ने बताया आंखोदेखा मंजर

Train Accident: स्थानीय युवक हरि पाठक ने बताया कि ट्रेन नॉर्मल स्पीड से जा रही थी। तभी हमें एक तेज आवाज आई. देखा तो ट्रेन से धुआं निकल रहा था। हम लोग वहां पहुंचे तो पाया कि ट्रेन के डिब्बे पटरी से उतर गए हैं। लोग मदद के लिए चीख रहे थे। तभी पुलिस और रेस्क्यू टीम को सूचना दी गई। हम लोगो ने भी घायलों की मदद कर उन्हें अस्पताल पहुंचाया। हादसे का मंजर बेहद डरावना था। क्योंकि रात का समय था और अंधेरे में रेस्क्यू करने में भी काफी दिक्कत हो।

हालांकि, इन सब से इतर रेल दुर्घटना पर राजनीति भी शुरू हो गई है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्र सरकार और रेल मंत्रालय की जवाबदेही तय करने की बात कही है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, “नई दिल्ली से असम जाने वाली नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस के बिहार के बक्सर में डीरेल होने की खबर बेहद पीड़ादायक है। इस भयावह हादसे में कई लोगों ने अपनी जान गँवाई है और 100 से ज़्यादा लोग घायल हुए हैं।

हम मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएँ व्यक्त करते हैं और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते है। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से अनुरोध है कि पीड़ितों को हर मुमकिन मदद पहुँचाएँ। जून 2023 की बालासोर रेल दुर्घटना के बाद ये डीरेल होने का दूसरा बड़ा हादसा है। रेल मंत्रालय व केन्द्र सरकार की जवाबदेही तय होनी चाहिये।” अभी तक भाजपा के ओर से खड़गे के सवाल का कोई जवाब नहीं आया है। लेकिन इस मुद्दे पर अभी घमासान होना बांकी है। ख़ैर, इस रेल दुर्घटना का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है।

Written By: Poline Barnard

ये भी पढ़ें..

PM Modi: उत्तराखंड के पिथौरागढ़ पहुंचे पीएम मोदी, किए आदि कैलाश महादेव के दर्शन
IND v AFG: भारतीय टीम का विजय रथ जारी दूसरे मुकाबले में अफगानिस्तान को 8 विकेट से धोया

 

By Susheel Chaudhary

मेरे शब्द ही मेरा हथियार है, मुझे मेरे वतन से बेहद प्यार है, अपनी ज़िद पर आ जाऊं तो, देश की तरफ बढ़ते नापाक कदम तो क्या, आंधियों का रुख भी मोड़ सकता हूं ।